14 साल की मासूम बनी मां, प्रेग्नेंसी ने खोल दिया गुप्त शादी का सनसनीखेज राज

10
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के मंगलौर क्षेत्र में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग लड़की की कथित तौर पर चोरी-छिपे शादी करा दी गई। घटना का खुलासा तब हुआ, जब किशोरी की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया और जांच में उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई। अस्पताल में दस्तावेजों की जांच के दौरान पता चला कि लड़की की उम्र करीब 14 वर्ष है, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस जांच में सामने आया कि किशोरी की कम उम्र में जबरन शादी कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलौर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति समेत ससुराल और मायके पक्ष के लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।

घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी कम उम्र में शादी कब और किन परिस्थितियों में कराई गई, और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।