खैर की तस्करी करने पहुंचे थे, घेराबंदी होते ही बरसाईं गोलियां; वन विभाग ने भी किया जवाबी फायर

8
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के रामनगर वन प्रभाग में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई करने पहुंचे कथित वन तस्करों और वन विभाग की टीम के बीच शुक्रवार तड़के मुठभेड़ हो गई। दोनों पक्षों के बीच फायरिंग हुई, जिसके बाद खुद को घिरता देख तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गए। मौके से वन विभाग ने तस्करों की तीन मोटरसाइकिलें बरामद कर सीज कर दी हैं।

वन विभाग के अनुसार, शुक्रवार तड़के करीब ढाई बजे गश्त के दौरान गुलजारपुर बीट के एन-2 क्षेत्र में टीम को जंगल के भीतर संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। जब वन कर्मियों ने इलाके की घेराबंदी शुरू की और संदिग्ध लोगों को ललकारा, तो खैर के पेड़ों की कटाई कर रहे तस्करों ने वन विभाग की टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

वन कर्मियों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए करीब 15 राउंड फायर किए। फायरिंग के बीच तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में भाग निकले। घटना के बाद वन विभाग ने पूरे क्षेत्र में रातभर सर्च अभियान चलाया।

तलाशी अभियान के दौरान मौके से तीन मोटरसाइकिलें बरामद हुईं, जिनका इस्तेमाल कथित रूप से खैर की लकड़ी की तस्करी में किया जा रहा था। वन विभाग ने तीनों बाइकों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया और उन्हें जुड़का वन परिसर में खड़ा कराया है।

रामनगर वन प्रभाग के रेंजर शेखर तिवारी ने बताया कि अज्ञात तस्करों के खिलाफ वन अपराध का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं, प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) प्रकाश चंद्र आर्या ने कहा कि फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए वन विभाग की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।