भाजपा का कुनबा बढ़ा, एक साथ 31 जनप्रतिनिधि पार्टी में शामिल

6
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्वाचन जनपद चम्पावत में भाजपा ने बड़ी ज्वाइनिंग कराई। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में नगर पंचायत अध्यक्ष समेत 31 जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने नए सदस्यों का फूलमाला और पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया। महेंद्र भट्ट ने कहा कि एक ही क्षेत्र से बड़ी संख्या में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का भाजपा में शामिल होना प्रदेश में पार्टी के पक्ष में बन रहे माहौल को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, खासकर युवाओं का भाजपा की विचारधारा और सिद्धांतों में विश्वास बढ़ना पार्टी के प्रति बढ़ती विश्वसनीयता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि पिछले 12-14 वर्षों में प्रदेश में जिस गति से विकास हुआ है, वह उल्लेखनीय है और इसी विकास के कारण लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। चम्पावत जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी की प्रेरणा से भाजपा में शामिल होने वालों में नगर पंचायत पाटी के अध्यक्ष नारायण लाल और प्राथमिक शिक्षक संगठन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह बोहरा प्रमुख रूप से शामिल रहे।

इनके अलावा बलराज पाटनी, नवल पचौली और दीपक गहतोड़ी सभासद, राजेंद्र बोहरा व राहुल गहतोड़ी सामाजिक कार्यकर्ता, भगवती प्रसाद जोशी ग्राम प्रधान कजीना, ललित सिंह पाटनी पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष लोहाघाट, प्रकाश चंद्र शर्मा पूर्व ग्राम प्रधान बिगराकोट व पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष यूथ कांग्रेस, संजय सिंह पाटनी पूर्व यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष पाटी, दीपक सिंह व तनुज सिंह बिष्ट छात्र नेता, डूंगर सिंह पार्थोली जिला पंचायत सदस्य राईकोट कुंवर, योगेश जोशी सभासद नगर पालिका लोहाघाट समेत कई ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, पूर्व ग्राम प्रधान और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ली।

भाजपा में शामिल होने वालों में मोहन सिंह ग्राम प्रधान कायल, अंकित सिंह कुंवर क्षेत्र पंचायत सदस्य राईकोट कुंवर, पवन राम पूर्व ग्राम प्रधान नाकोट खोलिया, पुष्कर सिंह ग्राम प्रधान कुनाड़ी, चंद्रकांत तिवारी ग्राम प्रधान पासम, त्रिलोक सिंह सामंत पूर्व ग्राम प्रधान सुल्ला, कमल कुंवर ग्राम प्रधान कमलेड़ी, नैन राम क्षेत्र पंचायत सदस्य पासम, दीपक सिंह बोहरा ग्राम प्रधान चोडला, हरीश राम ग्राम प्रधान सुल्ला, सुरेंद्र राम ग्राम प्रधान मढ़ुवा, विनोद सिंह बोहरा क्षेत्र पंचायत सदस्य डुंगरा बोहरा, हरीश कुमार ग्राम प्रधान बाकू, पुष्कर धौनी पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य गुरेली, चंचल सिंह अधिकारी ग्राम प्रधान मूलाकोट और मदन सिंह सामाजिक कार्यकर्ता मूलाकोट भी शामिल रहे। पार्टी ने इस ज्वाइनिंग को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।