ब्रेक फेल, पहाड़ से टक्कर और चमत्कार! बाल-बाल बची चारधाम यात्रियों की जान

9
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के धनौल्टी के नगुन–सुवाखोली मोटरमार्ग पर नागराजा धार के पास शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब चारधाम यात्रियों से भरा एक टेम्पो ट्रैवलर ब्रेक फेल होने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या HR 65A0859 अचानक अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकरा गया। राहत की बात यह रही कि वाहन सड़क के बाहर खाई की ओर जाने के बजाय अंदर की ओर नाली में फंस गया, जिससे एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।

थाना छाम की मठियाली चौकी प्रभारी शिवशंकर उनियाल ने बताया कि वाहन में सवार सभी यात्री दिल्ली के निवासी थे। वे 30 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे दिल्ली से गंगोत्री के लिए रवाना हुए थे। रात में उन्होंने मसूरी में विश्राम किया और 1 मई की सुबह आगे के लिए निकले। इसी दौरान नागराजा धार के पास यह हादसा हुआ।

दोपहर करीब 2:10 बजे पुलिस को 112 के माध्यम से दुर्घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने राहत कार्य शुरू करते हुए घायल यात्रियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। कुल 23 यात्रियों में से 5 लोग घायल हुए, जिन्हें 108 एंबुलेंस की सहायता से चिन्यालीसौड़ के नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अन्य यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर उनके गंतव्य के लिए वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था की गई। सभी घायलों का उपचार जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

वाहन चालक जगजीत सिंह, निवासी कुरुक्षेत्र (हरियाणा), ने पूछताछ में बताया कि हादसा ब्रेक फेल होने के कारण हुआ। घायलों में कपिल अरोड़ा (53 वर्ष), डिम्पी (40 वर्ष), ध्रुव (22 वर्ष), नीता (53 वर्ष) और प्रेम दास, सभी निवासी दिल्ली शामिल हैं।