उत्तराखंड में कार-बाइक की जोरदार टक्कर, बाइक सवार की मौत

5
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रुद्रप्रयाग-पोखरी मोटर मार्ग पर मायकोटी डाट पुल के पास कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय शिव लाल निवासी ग्राम बोरा, रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, शिव लाल विकास भवन रुद्रप्रयाग में चालक के पद पर कार्यरत थे। बुधवार सुबह वह ड्यूटी के लिए रुद्रप्रयाग की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सत्तेराखाल से करीब चार किलोमीटर पीछे मायकोटी डाट पुल के समीप सामने से आ रही कार से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। बताया गया कि कार नागनाथ पोखरी की ओर जा रही थी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार शिव लाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाने के साथ आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मृतक के शव को जिला अस्पताल लाया जा रहा है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।