हल्द्वानी। शहर में बिजली लाइनों के रखरखाव और सुधार कार्य के चलते अगले कुछ दिनों तक अलग-अलग क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। एचटी लाइन और एबी केबल बदलने के साथ लॉपिंग-चॉपिंग का काम किया जाना है। इसके चलते संबंधित फीडरों से जुड़े इलाकों में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
23 और 24 सितंबर को बरेली रोड और रामपुर रोड फीडर से जुड़े क्षेत्रों में शटडाउन रहेगा। बरेली रोड फीडर के अंतर्गत बरेली रोड, धर्मपुरा, मंगल पड़ाव, गली नंबर 1 से 11, मेडिकल कॉलेज और हिमालय फार्म क्षेत्र प्रभावित होंगे। वहीं रामपुर रोड फीडर से जुड़े रामपुर रोड, शीशमहल, हीरा नगर, जेल, नीलकंठ अस्पताल और महिला अस्पताल क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
इसके बाद 25 और 26 सितंबर को बाजार और काठगोदाम रोड फीडर में शटडाउन लिया जाएगा। बाजार फीडर से बद्रीपुरा, ऑफिसर कॉलोनी, आनंद बाग, तहसील, सरस मार्केट, बाजार क्षेत्र और मल्ला गोरखपुर में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। काठगोदाम रोड फीडर के तहत कालाढूंगी रोड, बद्रीपुरा, पांडे निवास, कैनाल कॉलोनी, पंत कॉलोनी, सतीश कॉलोनी, संजय कॉलोनी और मुखानी क्षेत्र में कटौती होगी।
वहीं 30 सितंबर को गांधी नगर फीडर में शटडाउन प्रस्तावित है। इस दौरान आंबेडकर नगर, गांधी नगर, लाइन नंबर 8 और 16 तथा मंगल पड़ाव क्षेत्र की बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
ऊर्जा निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार ने बिजली सुधार कार्य के दौरान लोगों से सहयोग की अपील की है। निगम के मुताबिक, निर्धारित कार्य पूरा होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।


Subscribe Our Channel











