हल्द्वानी में सड़क किनारे पड़ा मिला युवक का शव, सड़क पर मिली चप्पलें; जांच में जुटी पुलिस

7
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। मुखानी कोतवाली क्षेत्र के कमलुवागांजा में शुक्रवार सुबह सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव खन्ना होटल के पास पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम की मदद से मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 6:47 बजे डायल-112 पर सूचना मिली थी कि सड़क किनारे एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही मुखानी पुलिस मौके पर पहुंची, जहां युवक मृत अवस्था में मिला। घटनास्थल के आसपास उसकी चप्पलें भी बिखरी हुई थीं।

मृतक की पहचान इंदिरापुरम कॉलोनी, हरीपुर नायक निवासी दीपक भट्ट (41) पुत्र उर्वादत्त भट्ट के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार दीपक शराब का आदी था और उसका उपचार भी चल रहा था। डॉक्टरों ने उसे शराब का सेवन नहीं करने की सलाह दी थी।

परिजनों ने बताया कि दीपक गुरुवार रात करीब नौ बजे घर से निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं पहुंचा। शुक्रवार सुबह सड़क किनारे उसका शव मिलने की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में शरीर पर किसी गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के नतीजे सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।