उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग द्वारा प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी किए जाने के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। विशेष रूप से रुद्रप्रयाग जिले में खराब मौसम की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिसके चलते केदारनाथ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर विशेष एहतियात बरते जा रहे हैं।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा मार्ग पर संचालित सभी श्रद्धालुओं को तत्काल प्रभाव से निकटतम होल्डिंग स्थलों और सुरक्षित स्थानों पर रोके जाने के निर्देश दिए गए हैं। सोनप्रयाग, गौरीकुंड और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में तैनात अधिकारियों को मौसम सामान्य होने तक यात्रियों की आवाजाही नियंत्रित रखने को कहा गया है।
जिलाधिकारी स्वयं मौसम की स्थिति और यात्रा मार्गों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से होल्डिंग स्थलों पर यात्रियों के ठहरने, सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।
यात्रा मार्ग पर पुलिस, सेक्टर मजिस्ट्रेट, DDRF, SDRF, NDRF और अन्य विभागीय टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं। प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि भूस्खलन, सड़क अवरोध, दुर्घटना या किसी अन्य आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को दी जाए, ताकि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पर्वतीय जिलों के साथ हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का पूर्वानुमान भी जताया गया है। पहाड़ी जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
देहरादून, टिहरी, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं राज्य के मैदानी इलाकों में आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने को लेकर येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी आशंका है। खराब मौसम के प्रभाव से प्रदेश के तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना जताई गई है।
प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे मौसम सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर रहें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए 8958757335 और 8218326386 हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।



Subscribe Our Channel











