कॉलेज स्टूडेंट निकले ड्रग सप्लायरः 8.73 ग्राम MDMA के साथ गिरफ्तारी, पूछताछ में खुला नेटवर्क

6
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शिक्षण संस्थानों के आसपास एमडीएमए जैसे हाई प्रोफाइल ड्रग की तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। प्रेमनगर पुलिस ने बुधवार को चेकिंग के दौरान पौंधा क्षेत्र से दो छात्रों को 8.73 ग्राम एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी मूल रूप से केरल के रहने वाले हैं और देहरादून में रहकर निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ाई कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदिल मोन और साबिर अली के रूप में हुई है। दोनों का वर्तमान पता ठाकुरपुर रोड, प्रेमनगर बताया गया है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से 8.73 ग्राम अवैध एमडीएमए बरामद किया।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे देहरादून में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए उन्होंने एमडीएमए को कम कीमत में खरीदकर शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों को ऊंचे दामों पर बेचने की योजना बनाई थी। पुलिस को पूछताछ के दौरान नशे के नेटवर्क से जुड़े कुछ अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिलने की बात सामने आई है।

देहरादून में शिक्षण संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री पुलिस के लिए लगातार चुनौती बनती जा रही है। हाल के मामलों में छात्र खुद नशा तस्करी में शामिल पाए जा रहे हैं। पुलिस की कार्रवाई से सामने आया है कि कुछ छात्र कम कीमत पर ड्रग खरीदकर अपने ही कॉलेज और शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले युवाओं को बेचने की कोशिश कर रहे हैं।

इससे पहले करीब एक सप्ताह पूर्व राजपुर थाना पुलिस ने एमडीएमए के साथ छह छात्रों को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक ये आरोपी दिल्ली के सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू गैंग से ड्रग खरीदकर छात्रों के बीच सप्लाई करते थे। अब प्रेमनगर क्षेत्र में दो और छात्रों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस नशे के इस नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुट गई है। पूछताछ के आधार पर पुलिस अन्य संदिग्ध तस्करों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।