शराब की दुकानों में खुलीं गड़बड़ियों की परतें! कहीं ओवररेटिंग तो कहीं अनाधिकृत सेल्समैन

8
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग और नियमों के उल्लंघन की शिकायतों को लेकर देहरादून जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी आशीष चौहान के निर्देश पर देर रात प्रशासन की अलग-अलग टीमों ने शहर के कई इलाकों में शराब की दुकानों पर अचानक छापेमारी की। जांच के दौरान निर्धारित कीमत से अधिक पर शराब बेचने के साथ स्टॉक रजिस्टर, रेट लिस्ट और सेल्समैन से जुड़ी कई अनियमितताएं सामने आईं।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट राहुल आनंद व हर्षिता सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह और एसडीएम मुख्यालय रविंद्र ज्वांठा के नेतृत्व में टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की। टीमों के साथ संबंधित क्षेत्रीय आबकारी निरीक्षक भी मौजूद रहे।

माजरा, पटेलनगर और आईएसबीटी क्षेत्र में सिटी मजिस्ट्रेट व एसडीएम सदर की टीम ने दुकानों की जांच की। आईएसबीटी स्थित एक दुकान पर ओवररेटिंग की शिकायत सही पाई गई। जांच के दौरान दुकान में रखी 42 शराब की बोतलों के बैच नंबर उपलब्ध रिकॉर्ड से मेल नहीं खाए। यहां अनाधिकृत सेल्समैन भी मिले और निर्धारित रेट लिस्ट दुकान पर प्रदर्शित नहीं थी।

उधर, एसडीएम मुख्यालय की टीम ने प्रेमनगर में दुकानों की जांच की। एक दुकान का स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं मिला, जबकि वहां भी अनाधिकृत सेल्समैन मौजूद था। जाखन और राजपुर रोड क्षेत्र में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की टीम को स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं होने के अलावा रेट लिस्ट और आबकारी विभाग का शिकायत नंबर प्रदर्शित नहीं होने की खामी मिली।

प्रशासन की टीमों ने दुकानों पर स्टॉक, बिक्री रिकॉर्ड, बैच नंबर, निर्धारित बिक्री दर और सेल्समैन की वैधता समेत विभिन्न बिंदुओं की जांच की। जिलाधिकारी आशीष चौहान ने अधिकारियों को नियमित औचक निरीक्षण करने और अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग और अन्य नियमों के उल्लंघन के खिलाफ आगे भी आकस्मिक जांच जारी रहेगी।