आरा मशीन में लगी आग, लाखों का नुकसान, मचा हड़कंप

8
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के रामनगर में रविवार सुबह एमडीटी के माध्यम से सूचना मिली कि तेलीपुरा रोड स्थित एक आरा मशीन में आग लग गई है। सूचना पाते ही फायर सर्विस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची।

मौके पर जाकर देखा गया कि मोहम्मद उस्मान, निवासी ग्राम चिलकिया, के ‘डे लाइट फर्नीचर’ आरा मशीन परिसर में लकड़ियों में भीषण आग लगी थी। आग तेजी से फैल रही थी और आसपास रखी मशीनरी व लकड़ियां भी इसकी चपेट में आ गई थीं।

स्थिति गंभीर होने के कारण फायर यूनिट ने मोटर फायर इंजन (एमएफई) से पंपिंग शुरू की और होज पाइप लाइन बिछाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। कड़ी मेहनत के बाद दमकल कर्मियों ने आग को पूरी तरह बुझा दिया और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित किया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग में आरा मशीन के पास रखी भारी मात्रा में लकड़ियां और कुछ मशीनरी जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन संभावना जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारण इसके पीछे हो सकते हैं।

फायर अधिकारी पुष्कर सिंह नेगी ने बताया कि आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, जबकि लगभग 8 लाख रुपये का सामान बचा लिया गया। फायर सर्विस की तत्परता और स्थानीय लोगों के सहयोग से एक बड़ा हादसा टल गया। प्रशासन अब नुकसान का आकलन कर आगे की कार्रवाई कर रहा है।