हल्द्वानी में चलती कार में लगी आग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

144
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी के लामाचौड़ क्षेत्र में सोमवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब चलती हुई टाटा पंच कार में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि कार चला रहे युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना के कारण कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांधी आश्रम पीपलपोखरा नंबर-1 निवासी करण नेगी अपनी टाटा पंच कार से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह लामाचौड़ क्षेत्र में पहुंचे, कार के इंजन से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग भड़क गई। स्थिति को भांपते हुए करण नेगी ने तुरंत कार को सड़क किनारे रोका और बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

आग लगते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और राहगीरों ने अपने वाहन रोक दिए। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि आग से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने घटना का जायजा लिया।

मुखानी थाने के एसओ सुशील जोशी ने बताया कि देर रात कार में आग लगने की सूचना मिली थी। चालक पूरी तरह सुरक्षित है, जबकि वाहन को नुकसान पहुंचा है। अग्निशमन विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।