उत्तराखंड में फायरिंग-तोड़फोड़ का खुलासाः तीन आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल-तमंचे और कारतूस बरामद

5
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में 24 सितंबर की रात हुई फायरिंग और वाहनों में तोड़फोड़ की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक .32 बोर की पिस्टल, दो .315 बोर के तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अपने साथी की कार लेने के दौरान कथित तौर पर हवाई फायरिंग की और तलवार से दो वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया था।

घटना शिव एन्क्लेव, गंगापुर रोड क्षेत्र में हुई थी। मामले में 25 सितंबर को ट्रांजिट कैंप थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी।

एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में एसपी रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक ट्रांजिट कैंप धर्मवीर सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इसी दौरान सूचना मिली कि घटना में शामिल तीन युवक एफसीआई गोदाम के सामने किच्छा रोड स्थित एक खाली चाय के खोखे के पास खड़े हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नंदू पुत्र सालिक राम (26), निवासी नई बस्ती खानपुर, बिलासपुर, रामपुर, सोहेल पुत्र मोहम्मद उमर (21), निवासी सिरौली कला, किच्छा, हाल निवासी आजादनगर ट्रांजिट कैंप और एक 18 वर्षीय युवक के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान नंदू के कब्जे से .32 बोर की अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। वहीं सोहेल और 18 वर्षीय युवक के कब्जे से एक-एक .315 बोर का तमंचा और एक-एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि उनका साथी साजेब उर्फ अरमान 24 सितंबर की रात शिव एन्क्लेव में अपने परिचित से मिलने गया था। स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी होने के बाद वह मौके से निकल गया, लेकिन उसकी कार कॉलोनी में ही छूट गई। इसके बाद तीनों आरोपी कथित तौर पर कार लेने के लिए शिव एन्क्लेव पहुंचे।

पुलिस के मुताबिक, जब आरोपी कॉलोनी पहुंचे तो वहां लोगों की भीड़ मौजूद थी। आरोपियों ने कथित तौर पर लोगों में दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की। इसके बाद जब वे कार के पास पहुंचे तो टायरों के नट खुले होने के कारण कार नहीं ले जा सके। पुलिस का कहना है कि इसके बाद आरोपियों ने गुस्से में वहां खड़े दो वाहनों में तलवार से तोड़फोड़ की और फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नंदू के खिलाफ पहले भी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सोहेल और 18 वर्षीय आरोपी के खिलाफ वर्ष 2026 में बीएनएस और शस्त्र अधिनियम से संबंधित मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।