उत्तराखंड के देहरादून जिले के कालसी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत भंजरा के मसोटी खेड़ा गांव में देर रात भीषण अग्निकांड हो गया। इस हादसे में एक दो मंजिला आवासीय भवन (छानी) पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से कई मवेशियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जिससे पशुपालक परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार, भवन भोपालू पुत्र काडिया का था, जहां वह पशुओं को चारा-पानी देने के बाद अपने पैतृक गांव पजोटा लौट गए थे। इसी दौरान देर रात अचानक भवन में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
सूचना मिलने पर भोपालू भी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग पूरे भवन में फैल चुकी थी। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर दो बैल और दो बकरियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन बाकी मवेशियों को बचाया नहीं जा सका।
इस हादसे में 8 बकरियां, एक भैंस, दो गाय और एक बछड़ा जलकर मर गए। साथ ही भवन के भीतर रखा घरेलू सामान और पशुओं का चारा भी पूरी तरह नष्ट हो गया। घटना से पीड़ित परिवार को गहरा सदमा पहुंचा है, क्योंकि उनकी आजीविका मुख्य रूप से पशुपालन पर ही निर्भर थी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन को अवगत कराया और पीड़ित परिवार को तत्काल राहत राशि उपलब्ध कराने की मांग की है। मामले की जानकारी जिलाधिकारी को भी दी गई है।
राहत और बचाव कार्य के दौरान ग्रामीणों ने सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं तहसीलदार कालसी सुशीला कोठियाल ने बताया कि पटवारी को मौके पर भेजकर स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रारंभिक रिपोर्ट जल्द ही प्रशासन को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई और सहायता तय की जाएगी।



Subscribe Our Channel











