नौकरी का झांसा, फिर जबरन देह व्यापार: उत्तराखंड में बड़े रैकेट का खुलासा

8
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में पुलिस ने स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने गाबा चौक इलाके में स्थित दो स्पा सेंटरों पर छापेमारी की, जहां लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं।

छापेमारी के दौरान कई युवतियों को मौके से बरामद किया गया, जिनके बारे में आशंका है कि उन्हें जबरन देह व्यापार में धकेला गया था। प्रारंभिक जांच में पता चला कि इन युवतियों को मिजोरम से नौकरी का झांसा देकर रुद्रपुर लाया गया था और बाद में अवैध गतिविधियों में शामिल होने के लिए मजबूर किया गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटर से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। वहीं, सेंटर संचालकों और अन्य संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पीड़ित युवतियों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है, जहां उनकी काउंसलिंग और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मिजोरम पुलिस भी जांच में सहयोग कर रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जिले में मानव तस्करी और देह व्यापार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद इलाके में हलचल मच गई है, जबकि पुलिस अब इस पूरे गिरोह के नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है, ताकि इसमें शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जा सके।