धामी-योगी की मुलाकात से जगी उम्मीद, वर्षों पुराने परिसंपत्ति विवादों के जल्द समाधान पर बनी सहमति

8
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच लंबे समय से चले आ रहे परिसंपत्ति विवादों को सुलझाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर दोनों राज्यों के बीच लंबित मामलों पर चर्चा की। बैठक में विशेष रूप से सिंचाई विभाग से जुड़ी परिसंपत्तियों सहित अन्य विवादित प्रकरणों की समीक्षा की गई। दोनों मुख्यमंत्रियों ने शेष मामलों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द समाधान करने पर सहमति जताई।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि दोनों राज्यों के बीच आपसी सहयोग और बेहतर समन्वय के चलते अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की परिसंपत्तियों से जुड़े विवादों का निस्तारण किया जा चुका है। हालांकि, कुछ महत्वपूर्ण मामले अभी भी लंबित हैं। बैठक में इन प्रकरणों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक कदम उठाने पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान सिंचाई विभाग की परिसंपत्तियों और अन्य विभागीय मामलों को प्रमुखता से उठाया गया। दोनों मुख्यमंत्रियों ने कहा कि आपसी संवाद और समन्वय के जरिए लंबित विवादों को सुलझाना जरूरी है। इससे न केवल दोनों राज्यों के हित सुरक्षित होंगे, बल्कि विकास योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों को भी गति मिलेगी।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के पुनर्गठन के बाद से ही उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच परिसंपत्तियों के बंटवारे, विभागीय देनदारियों, सिंचाई व्यवस्था और अन्य प्रशासनिक विषयों को लेकर कई मामले लंबित रहे हैं। इनका समाधान दोनों राज्यों के लिए लंबे समय से प्राथमिकता का विषय रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के हितों से जुड़े मामलों में सकारात्मक सहयोग और निरंतर समन्वय के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के बीच बेहतर तालमेल से लंबित विषयों का समाधान तेजी से आगे बढ़ रहा है। बैठक में उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज भी मौजूद रहे।