कंगना रनौत के पुराने वीडियो को भ्रामक कैप्शन के साथ प्रसारित करने पर मुकदमा दर्ज

6
खबर शेयर करें -

देहरादून। भाजपा सांसद कंगना रनौत के एक पुराने वीडियो को कथित तौर पर भ्रामक तथ्यों और कैप्शन के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में देहरादून पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। भाजपा महिला मोर्चा उत्तराखंड की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा की शिकायत पर थाना राजपुर में अज्ञात सोशल मीडिया यूजर्स के खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस को दी गई शिकायत में नेहा शर्मा ने बताया कि सांसद कंगना रनौत का राजस्थान के जोधपुर स्थित गणेश मंदिर, श्री चामुंडा मंदिर और गजानन महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना करने का पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर अलग-अलग पोस्ट और रील के माध्यम से प्रसारित किया जा रहा है। आरोप है कि इस वीडियो के साथ भ्रामक कैप्शन जोड़कर उसे गलत संदर्भ में प्रचारित किया जा रहा है।

शिकायत के अनुसार, वीडियो के साथ 29 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु के लिए करवा चौथ का व्रत रखने जैसी बातें जोड़कर प्रसारित की जा रही हैं। नेहा शर्मा का आरोप है कि इस तरह की पोस्ट से सांसद की सामाजिक प्रतिष्ठा और गरिमा को नुकसान पहुंचाने के साथ महिलाओं के सम्मान एवं धार्मिक भावनाओं को भी आहत करने का प्रयास किया जा रहा है।

थाना राजपुर प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 275/26 दर्ज किया गया है। इसमें आईटी एक्ट की धारा 66(C), 66(D) और बीएनएस की विभिन्न धाराएं शामिल की गई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विवेचना डालनवाला के प्रभारी निरीक्षक को सौंपी गई है।

पुलिस अब सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित करने वाली अज्ञात आईडी और संबंधित लोगों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।