उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने चुनाव लड़ने को लेकर अपनी मंशा जाहिर की है। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व चाहेगा तो वह आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। हरदा ने हरिद्वार जिले की खानपुर, लक्सर या आसपास की किसी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा भी जताई है।
दिल्ली से लौटने के बाद हरीश रावत ने बताया कि राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ उनकी मुलाकात सकारात्मक रही। इस दौरान उत्तराखंड की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने राष्ट्रीय नेताओं के सामने प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने और कम से कम 45 सीटें जीतने का रोडमैप भी रखा।
चुनाव लड़ने के सवाल पर हरीश रावत ने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी और खरगे के साथ मुलाकात में इस विषय पर कोई चर्चा नहीं हुई। उन्होंने कहा कि उनकी व्यक्तिगत रूप से किसी पद को लेकर महत्वाकांक्षा नहीं है। चुनाव लड़ने या न लड़ने का फैसला प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व को करना है। हालांकि, खानपुर और लक्सर क्षेत्र की जनता चाहती है कि वह एक बार उनका प्रतिनिधित्व करें।
हरीश रावत ने कहा कि यदि पार्टी उन्हें चुनाव लड़ने का अवसर नहीं देती है, तब भी वह कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। उन्होंने बताया कि जल्द ही उनकी राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ दोबारा मुलाकात हो सकती है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाना होगा। पार्टी को जनता के बीच जाकर प्रदेश से जुड़े सवालों पर आक्रामक तरीके से अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने चुनावी तैयारियों को मजबूत करने और संगठन को सक्रिय करने पर भी जोर दिया।




Subscribe Our Channel











