हल्द्वानी। नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नैनीताल पुलिस ने हल्द्वानी में बड़ी कार्रवाई की है। एसओजी और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने मंडी क्षेत्र से एक युवक को 216 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बरामद स्मैक की कीमत करीब 64 लाख 80 हजार रुपये बताई है।
पुलिस के मुताबिक, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता और एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन के नेतृत्व में 16 नवंबर को मंडी क्षेत्र में चेकिंग की जा रही थी। पीडब्ल्यूडी गेट के पास एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई तो उसके पास से 216 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार युवक की पहचान सतीश कुमार (30) पुत्र ईश्वरी प्रसाद, निवासी ग्राम गालिबपुर, थाना डिबाई, जिला बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह हल्द्वानी की बड़ी मंडी में सब्जी का कारोबार करता है। पैसों के लालच में वह अपने गांव के एक व्यक्ति के कहने पर बुलंदशहर से स्मैक लेकर आया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी हिमाचल प्रदेश में भी एनडीपीएस के एक मामले में जेल जा चुका है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में कोतवाली हल्द्वानी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
कार्रवाई करने वाली टीम में मंडी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार, टीपी नगर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज कुमार तथा एसओजी के हेड कांस्टेबल कुंदन कठायत, कांस्टेबल भूपेंद्र जेष्ठा और भानू ओली शामिल रहे। पुलिस टीम की सराहनीय कार्रवाई पर एसएसपी ने उत्साहवर्धन के लिए 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।




Subscribe Our Channel











