उत्तराखंड में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। दिसंबर शुरू होने के बावजूद प्रदेश में बारिश का कोई प्रभाव नहीं दिख रहा है। पिछले कई दिनों से सुबह–शाम के साथ दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज हो रही है, लेकिन बारिश और पहाड़ों में बर्फबारी का इंतजार अब भी जारी है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बारिश के बाद ही तापमान तेजी से नीचे जाता है और शून्य के करीब पहुंचने पर बर्फबारी की स्थितियाँ बनती हैं।
इस बार अब तक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में केवल एक–दो बार ही हल्की बर्फबारी हुई है। जबकि सामान्य तौर पर नवंबर की शुरुआत से ही पर्वतीय जिलों में बर्फबारी का दौर शुरू हो जाता है, जिसका असर मैदानी इलाकों पर भी पड़ता है। ठंडी हवाएँ सर्दी बढ़ा देती हैं, लेकिन मानसून की विदाई के बाद बारिश न होने से तापमान बर्फबारी के अनुकूल स्तर पर नहीं पहुँच रहा है।
मौसम विभाग के नवीनतम बुलेटिन के अनुसार, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आने वाले दिनों में भी मौसम शुष्क रहेगा। देहरादून में आसमान साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 9 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।



Subscribe Our Channel











