हल्द्वानी। जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और नाबालिगों समेत आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने स्पा सेंटर, होटल, गेस्ट हाउस और अन्य संदिग्ध स्थलों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान में 50 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस टीमों ने 15 से ज्यादा ठिकानों की जांच की, जबकि 14 से अधिक संदिग्ध महिला-पुरुषों को पूछताछ और सत्यापन के लिए रोका गया।
पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान संदिग्ध लोगों से आवश्यक पूछताछ की गई। उनके पहचान संबंधी दस्तावेजों और उपलब्ध अभिलेखों का भी सत्यापन किया जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस ने होटल, गेस्ट हाउस और स्पा सेंटर संचालकों व कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उनके परिसरों में नाबालिगों के शोषण, मानव तस्करी, अनैतिक देह व्यापार या किसी अन्य अवैध गतिविधि को संचालित अथवा संरक्षण न दिया जाए।
संचालकों को प्रत्येक ग्राहक और आगंतुक का नियमानुसार पहचान-पत्र सत्यापित करने तथा आवश्यक रजिस्टर और डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही लाइसेंस, अनुमति और अन्य जरूरी दस्तावेजों को अद्यतन रखने की हिदायत दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी कि चेकिंग के दौरान रजिस्टर, डिजिटल रिकॉर्ड, पहचान-पत्र सत्यापन, लाइसेंस या अन्य जरूरी दस्तावेजों में अनियमितता मिलने पर संबंधित संचालक या कर्मचारी के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (BNS) और अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी अवैध गतिविधि में संचालक या कर्मचारी की मिलीभगत, संरक्षण अथवा जानबूझकर जानकारी छिपाने की पुष्टि होने पर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध स्पा सेंटर, होटल और गेस्ट हाउस को चिन्हित कर उन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के साथ नाबालिगों और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। पुलिस ने संकेत दिया है कि आगे भी अचानक और सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा।