उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मोहब्बेवाला के पास देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर यूरिया से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर आई-20 कार के ऊपर पलट गया। हादसे में कार सवार एक परिवार के तीन सदस्यों और चालक समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह वर्षीय बच्चा घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और एक्सप्रेसवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार, सहारनपुर निवासी कपूर परिवार सहारनपुर से देहरादून आ रहा था। परिवार का देहरादून में भी घर है। मोहब्बेवाला के पास पहुंचते ही यूरिया से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर उनकी आई-20 कार पर पलट गया। ट्रक के नीचे दबने से कार पूरी तरह पिचक गई और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। हादसे में मिश्रेष कपूर (38), उनकी पत्नी निशा आनंद कपूर (38), मां किरण कपूर (63) और चालक नीरज की मौत हो गई। वहीं, छह वर्षीय पुत्र माहेर कपूर घायल हो गया। बच्चे को सकुशल बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंच गए। कार ट्रक के नीचे बुरी तरह दब जाने के कारण उसमें फंसे लोगों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बचाव दल ने कटर की मदद से कार को काटकर शवों को बाहर निकाला। ट्रक में यूरिया के कट्टे भरे हुए थे। भारी ट्रक को हटाने के लिए क्रेन की मदद ली गई, लेकिन शुरुआती प्रयासों में क्रेन भी ट्रक को हिला नहीं सकी।
भीषण हादसे के कारण देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं। एक लेन पर जाम डाट काली मंदिर तक पहुंच गया। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुटने से भी यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य के साथ यातायात सुचारू कराने की कार्रवाई की। ट्रक से यूरिया के कट्टे हटाने और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने के बाद यातायात सामान्य कराया गया।
मोहब्बेवाला क्षेत्र में हुआ यह हादसा बेहद दर्दनाक रहा। एक ही परिवार के तीन सदस्यों और चालक की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। हादसे में घायल बच्चे का उपचार किया जा रहा है।




Subscribe Our Channel











