उत्तराखंड पुलिस ने खोया अपना कर्मठ सिपाही, मुख्य आरक्षी चालक का निधन

6
खबर शेयर करें -

नैनीताल पुलिस लाइन की परिवहन शाखा में तैनात मुख्य आरक्षी चालक टेक चंद का ड्यूटी के दौरान अचानक स्वास्थ्य खराब होने के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। ब्रेन हैमरेज के कारण हुई इस दुखद घटना से उत्तराखंड पुलिस विभाग और नैनीताल पुलिस में शोक की लहर है। विभाग ने एक अनुभवी, कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित पुलिसकर्मी को खो दिया है।

शनिवार को हल्द्वानी स्थित मोर्चरी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ दिवंगत पुलिसकर्मी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा हर संभव विभागीय सहायता का भरोसा दिलाया। एसएसपी ने कहा कि दिवंगत जवान के आश्रितों को सभी देयकों का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। साथ ही अंतिम संस्कार के लिए तत्काल आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई।

मुख्य आरक्षी चालक टेक चंद का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव लंकुरा, बाजपुर ले जाया जा रहा है, जहां पुलिस सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

टेक चंद का जन्म 5 जनवरी 1972 को हुआ था और उन्होंने 2 अप्रैल 1991 को उत्तर प्रदेश पुलिस में अपनी सेवा शुरू की थी। अपने लगभग 35 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने 09 पीएसी मुरादाबाद, 31 पीएसी रुद्रपुर, अल्मोड़ा तथा नैनीताल में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। वर्ष 2008 से वे नैनीताल में तैनात थे और पुलिस लाइन की परिवहन शाखा में सेवाएं दे रहे थे।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी, प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

नैनीताल पुलिस ने कहा कि मुख्य आरक्षी चालक टेक चंद की सेवाओं, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को सदैव स्मरण रखा जाएगा तथा विभाग उनके परिवार के साथ हर परिस्थिति में खड़ा रहेगा।