उत्तराखंड के पर्वतारोहियों ने हासिल की बड़ी सफलता, CM धामी ने दी बधाई

5
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM), उत्तरकाशी की ओर से संचालित चार सफल पर्वतारोहण अभियानों का फ्लैग-इन किया। इनमें जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स (JIM&WS), पहलगाम के साथ संयुक्त रूप से संचालित माउंट एकांकागुआ अभियान भी शामिल रहा।

मुख्यमंत्री ने सभी पर्वतारोहियों को सफल अभियानों के लिए बधाई दी और कठिन उच्च हिमालयी परिस्थितियों में उनके साहस, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और टीम भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि पर्वतारोहियों की ये उपलब्धियां उत्तराखंड के साथ देश के युवाओं को भी साहसिक गतिविधियों और पर्वतारोहण के लिए प्रेरित करेंगी।

अर्जेंटीना स्थित 6,961 मीटर ऊंची माउंट एकांकागुआ के लिए NIM और JIM&WS का संयुक्त अभियान कर्नल हेम चंद्र सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। छह सदस्यीय दल ने 22 फरवरी 2026 को एकांकागुआ की चोटी पर सफल आरोहण किया। अभियान को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली स्थित साउथ ब्लॉक से फ्लैग ऑफ किया था।

NIM के नुन-कुन अभियान-2026 का नेतृत्व संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित ने किया। दल ने 15 अगस्त 2026 को 7,077 मीटर ऊंची माउंट कुन की चोटी पर सफल आरोहण किया। इसके बाद 26 अगस्त को 5,908 मीटर ऊंची माउंट डेल्टा-41 और 31 अगस्त को 7,135 मीटर ऊंची माउंट नुन पर भी सफलता हासिल की। इस तरह अभियान दल ने एक ही अभियान के दौरान नुन-कुन पर्वत श्रृंखला की तीन चोटियों पर सफल आरोहण कर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन के लिए व्यापक संभावनाएं प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान युवाओं में साहस, नेतृत्व और अनुशासन की भावना विकसित करने के साथ उत्तराखंड की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने में भी योगदान देते हैं।

इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण अमित कुमार सिन्हा, NIM के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित, JIM&WS पहलगाम के प्रधानाचार्य कर्नल हेम चंद्र सिंह, कैप्टन जी. संतोष कुमार सहित NIM के अधिकारी और विभिन्न अभियानों के सदस्य मौजूद रहे।