उत्तराखंड में मानसून की विदाई से पहले एक बार फिर बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने अगले छह दिनों के लिए पूर्वानुमान जारी करते हुए 24 और 25 सितंबर को कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इसके बाद 26 से 28 सितंबर तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार 24 सितंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत, नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, राज्य के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
शुक्रवार 25 सितंबर को बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल, अल्मोड़ा, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा अन्य पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश के साथ बादलों की गर्जना हो सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक शनिवार 26 सितंबर को उत्तराखंड के सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। रविवार 27 सितंबर को भी प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है।
वहीं, सोमवार 28 सितंबर को नए सप्ताह की शुरुआत भी बारिश के साथ होने का अनुमान है। इस दिन राज्य के सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मंगलवार 29 सितंबर को पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ बादलों की गड़गड़ाहट होने की संभावना है। राज्य के अन्य जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है।



Subscribe Our Channel










