उत्तराखंड में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत उधम सिंह नगर के किच्छा क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे की जमीन पर बनी एक अवैध मजार को ध्वस्त कर दिया। किच्छा-पंतनगर हाईवे पर एम्स के पास स्थित इस निर्माण को तड़के सुबह जिला प्रशासन और भारतीय रेलवे की संयुक्त टीम ने हटाया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, मजार प्रबंधन को पहले कई बार नोटिस जारी कर भूमि के वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। 26 मई 2023 और 18 सितंबर 2025 को दिए गए नोटिसों के बावजूद न तो दस्तावेज दिए गए और न ही निर्माण हटाया गया। इसके बाद 25 अप्रैल 2026 को रेलवे ने जिला प्रशासन से सुरक्षा बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, जिसके बाद कार्रवाई की गई।
जिलाधिकारी नितिन भदौरिया के निर्देशन में पूरी योजना तैयार की गई और बिना किसी व्यवधान के अभियान को अंजाम दिया गया। अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कोई संवेदनशील वस्तु नहीं मिली और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह निर्माण रेलवे विस्तार योजना के साथ-साथ बरेली-नैनीताल मार्ग के चौड़ीकरण कार्य में बाधा बन रहा था। ऐसे में विकास कार्यों को गति देने के लिए इसे हटाना जरूरी था।
राज्य सरकार की सख्त नीति के तहत अब तक उत्तराखंड में 582 से अधिक अवैध निर्माण हटाए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ कहा है कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।



Subscribe Our Channel










