उत्तराखंड के भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की परिसर में मॉर्निंग वॉक के दौरान हुए हादसे में प्रोफेसर की पत्नी की मौत हो गई। सोमवार सुबह ई-रिक्शा की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुईं रूपा राय ने देहरादून के मैक्स अस्पताल में उपचार के दौरान बुधवार को दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार IIT रुड़की के बायोटेक्नोलॉजी विभाग में प्रोफेसर पार्थ राय की पत्नी रूपा राय 21 सितंबर की सुबह अपने आवास से मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। वह केमिस्ट्री विभाग के बाहर वाली सड़क पर पहुंची ही थीं कि इसी दौरान एक ई-रिक्शा ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि रूपा राय सड़क पर गिर गईं और उनके सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद उन्हें तत्काल रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
परिजन उन्हें देहरादून के मैक्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा था। बुधवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद IIT रुड़की परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों की आवाजाही को लेकर सवाल उठ रहे हैं। परिसर में पैदल चलने वाले लोगों की सुरक्षा, वाहनों की गति और ई-रिक्शा के संचालन को लेकर व्यवस्था पर चर्चा शुरू हो गई है।



Subscribe Our Channel










