उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि विकासखंड के ग्राम कंडाली में 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। कक्षा नौ में पढ़ने वाली किशोरी का शव घर के अंदर मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई, जबकि ग्रामीण भी स्तब्ध हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि किशोरी कक्षा नौ की छात्रा थी और पढ़ाई के सिलसिले में पिछले कुछ समय से अपने नाना के घर ग्राम कंडाली में रह रही थी। स्थानीय लोगों के अनुसार वह शांत स्वभाव की थी और पढ़ाई में उसकी खास रुचि थी। ऐसे में अचानक उसकी मौत की खबर से गांव में शोक की लहर है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय किशोरी घर में अकेली थी। बाद में परिजनों ने उसे संदिग्ध अवस्था में पाया। इसके बाद आनन-फानन में उसे अगस्त्यमुनि स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली रुद्रप्रयाग पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाल मुकेश चौहान ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग भेज दिया।
कोतवाल मुकेश चौहान ने बताया कि किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Subscribe Our Channel











