उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित खदरी क्षेत्र में तेज बारिश के दौरान बिजली की तार टूटने से दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क से गुजर रही एक महिला और उसकी दो वर्षीय बच्ची टूटे बिजली के तार की चपेट में आ गईं। करंट लगने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल एम्स ऋषिकेश पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मां-बेटी को मृत घोषित कर दिया।
घटना रविवार देर शाम की बताई जा रही है। खदरी की ग्राम प्रधान संगीता थपलियाल के अनुसार, शिव मंदिर गली निवासी सुमन पत्नी हरपाल जेठुड़ी अपनी दो वर्षीय बेटी के साथ मोटा प्लाट स्थित अपनी बहन के घर गई थीं। देर शाम तेज बारिश के बीच दोनों घर लौट रही थीं।
इसी दौरान रास्ते में बिजली की तार टूटकर सड़क पर गिर गई। बारिश और अंधेरा होने के कारण सुमन को टूटी हुई तार दिखाई नहीं दी। जैसे ही मां-बेटी तार के संपर्क में आईं, दोनों को तेज करंट लग गया और वे मौके पर ही बेसुध होकर गिर पड़ीं।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया और आनन-फानन में एम्स ऋषिकेश ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद ग्रामीणों में ऊर्जा निगम के खिलाफ आक्रोश है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली की तार टूटने के बावजूद लाइन को समय रहते बंद नहीं किया गया। उनका कहना है कि यदि समय पर बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती तो मां-बेटी की जान बचाई जा सकती थी।
वहीं, ऊर्जा निगम ऋषिकेश के अधिशासी अभियंता शक्ति प्रसाद ने बताया कि बिजली की तार टूटकर नीचे बह रहे पानी के संपर्क में आ गई थी। इसी दौरान मां-बेटी करंट की चपेट में आ गईं और हादसा हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।



Subscribe Our Channel











