हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव की मतगणना जारी है। अध्यक्ष पद के लिए तीसरे राउंड की मतगणना पूरी हो गई है। शुरुआती तीन राउंड की गिनती में मुकाबला लगातार रोचक बना हुआ है और चुनाव में अब तक बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। तीसरे राउंड के बाद निर्दलीय प्रत्याशी आर्यन बेलवाल ने बढ़त बना ली है।
तीसरे राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद आर्यन बेलवाल को अब तक कुल 312 वोट मिले हैं। वहीं एनएसयूआई प्रत्याशी मेहुल शाह को 220 और एबीवीपी प्रत्याशी धीरज बिष्ट को 185 वोट प्राप्त हुए हैं। इस तरह आर्यन बेलवाल अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मेहुल शाह से 92 वोट आगे चल रहे हैं।
शुरुआती तीन राउंड के आंकड़ों में आर्यन बेलवाल बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं मेहुल शाह और धीरज बिष्ट के बीच भी मुकाबला जारी है। मतगणना के अगले राउंड में तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।
एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए मंगलवार को मतदान हुआ था। मतदान के दौरान कॉलेज परिसर और आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मतदान के बाद कॉलेज के बाहर छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद और मारपीट की घटना भी सामने आई थी, जिसमें एक छात्र के घायल होने की जानकारी सामने आई। फिलहाल कॉलेज में मतगणना जारी है और सभी राउंड की गिनती पूरी होने के बाद ही अध्यक्ष पद समेत अन्य पदों के अंतिम परिणाम स्पष्ट होंगे।



Subscribe Our Channel











