उत्तराखंड में जून का महीना समाप्ति की ओर है, लेकिन प्रदेश अब भी मानसून की पहली जोरदार बारिश का इंतजार कर रहा है। आमतौर पर जून के तीसरे सप्ताह तक राज्य में मानसून की सक्रियता देखने को मिलती है, लेकिन इस बार इसके आगमन में देरी दर्ज की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस वर्ष उत्तराखंड में मानसून के पहुंचने में सामान्य से 7 से 10 दिन की देरी हो सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में कमजोर मौसमीय सिस्टम के कारण मानसून की रफ्तार धीमी पड़ी है।
इसी बीच, मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने 24 जून से 29 जून तक का विस्तृत पूर्वानुमान जारी किया है, जिसमें अधिकांश दिनों में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है।
पूर्वानुमान के अनुसार 24 और 25 जून को राज्य के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं गर्जना के साथ वर्षा हो सकती है। 26 जून को पर्वतीय जिलों में बारिश रहेगी, जबकि हरिद्वार और उधम सिंह नगर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
27 जून को भी ज्यादातर पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश जारी रहेगी, लेकिन मैदानी जिलों में सूखा मौसम रह सकता है। 28 जून को पूरे प्रदेश में फिर से बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना जताई गई है।
वहीं 29 जून को राज्यभर में बारिश होने का अनुमान है। इस दिन उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर मध्यम वर्षा हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में हल्की बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि मानसून की सक्रियता में देरी के बावजूद आने वाले दिनों में प्रदेश में बारिश का सिलसिला तेज हो सकता है, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।



Subscribe Our Channel











