नैनीताल जिले के बेतालघाट ब्लॉक में गुरुवार को आयोजित आपदा प्रबंधन मॉकड्रिल के दौरान एक दुखद घटना ने सभी को झकझोर दिया। कार्यक्रम देखने जा रहा एक 17 वर्षीय किशोर कोसी नदी के तेज बहाव में बह गया। एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाकर उसे बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी सांसें थम चुकी थीं।
बेतालघाट के काली पहाड़ी क्षेत्र में पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ समेत विभिन्न विभागों की ओर से आपदा से निपटने की तैयारियों का अभ्यास किया जा रहा था। मॉकड्रिल के लिए राहत शिविर, चिकित्सा सहायता केंद्र और बचाव दल मौके पर तैनात थे।
इसी दौरान सिमलखा गांव निवासी 17 वर्षीय विशाल सिंह कार्यक्रम देखने के लिए घर से निकला। कोसी नदी पार करते समय तेज धारा में उसका पैर फिसल गया और वह बहाव की चपेट में आ गया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद एसडीआरएफ के जवान तुरंत नदी में उतरे। करीब 800 मीटर तक सर्च ऑपरेशन चलाने के बाद किशोर को नदी से बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
विशाल सिंह की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में मातम पसर गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



Subscribe Our Channel











