शौक पड़ा भारी! पिस्टल चेक करते ही चली गोली, युवक गंभीर रूप से घायल

11
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र में पिस्टल दिखाने के दौरान चली गोली से एक युवक घायल हो गया। मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में इस्तेमाल की गई अवैध पिस्टल भी बरामद कर ली गई है।

जानकारी के अनुसार, 19 जून की तड़के करीब 2:30 बजे ओम सिटी स्थित एक किराए के फ्लैट में हंसराज सैनी अपने दो साथियों गोपाल शर्मा और शुभम अग्रवाल के साथ मौजूद था। इस दौरान हंसराज ने पहले से अपने पास रखी पिस्टल अपने साथियों को दिखाई और बताया कि उसने इसे 65 हजार रुपये में खरीदा है।

पिस्टल को देखने और जांचने के दौरान गोपाल शर्मा के हाथ से ट्रिगर दब गया, जिससे अचानक गोली चल गई। गोली हंसराज की नाक के पास लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद आरोपी ने घायल को अस्पताल पहुंचाने के दौरान मामले को छुपाने की कोशिश की। आरोप है कि उसने हंसराज को डराया-धमकाया और पुलिस से बचने के लिए झूठी कहानी गढ़ने को कहा। योजना के तहत कमरे में फैले खून को साफ किया गया और छत पर खून की कुछ बूंदें गिराकर घटना को अलग रूप देने का प्रयास किया गया।

इसके बाद दोनों आरोपी घायल हंसराज को स्कूटी से इन्द्रेश अस्पताल ले गए और पिस्टल को ओम सिटी के पास झाड़ियों में फेंक दिया गया।

पुलिस जांच में सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी को ओम सिटी के बाहर सड़क से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर झाड़ियों से अवैध पिस्टल भी बरामद कर ली गई।

कोतवाली पटेल नगर प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी बलवे और मारपीट के मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।