ड्रोन कैमरे ने खोली पोल! छतों पर रखे मिले ईंट-पत्थर, पुलिस सख्त

7
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के पथरी थाना क्षेत्र के बोडाहेड़ी गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को पुलिस ने गांव में अभियान चलाकर 51 लोगों का शांतिभंग में चालान किया। इससे पहले इस मामले में नौ लोगों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, बोडाहेड़ी गांव में कुछ दिन पहले नाली और पानी निकासी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट के साथ पथराव की स्थिति बन गई। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए गए थे।

स्थिति पर नजर रखने के लिए पुलिस लगातार गांव की निगरानी कर रही थी। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पथरी थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ड्रोन कैमरे के साथ गांव पहुंची। निगरानी के दौरान कई घरों की छतों पर ईंट और पत्थर रखे हुए पाए गए।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लोगों से छतों पर रखे गए ईंट-पत्थर हटवाए और भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी।

पुलिस ने गांव में तनाव की आशंका को देखते हुए 22 महिलाओं और 29 पुरुषों समेत कुल 51 लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ बीएनएसएस की धारा 126/135 के तहत शांतिभंग की कार्रवाई की है।

थाना प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने या माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

खुफिया विभाग और स्थानीय सूचना तंत्र से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को आशंका थी कि दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद हो सकता है। इसी को देखते हुए पुलिस ने ड्रोन निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है।

पुलिस का कहना है कि बोडाहेड़ी गांव में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।