पुलिस की वर्दी पहनकर खेला खेल, नशे में धुत युवक पहुंचा सलाखों के पीछे

10
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के मसूरी में पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जो अपने पिता की पुलिस वर्दी और पी-कैप का गलत इस्तेमाल कर टोल टैक्स और पार्किंग में फायदा उठाने की कोशिश कर रहा था। युवक नशे की हालत में वाहन चलाते हुए भी पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने वाहन को सीज कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह कार्रवाई देवेंद्र चौहान के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष यातायात चेकिंग अभियान और “ऑपरेशन प्रहार” के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, मसूरी कोतवाली क्षेत्र में लाइब्रेरी चौक पर चेकिंग के दौरान एक वैगनआर कार (नंबर यूपी-15-डीजेड-2906) को रोका गया। कार के डैशबोर्ड पर रखी उत्तर प्रदेश पुलिस की पी-कैप और पीछे टंगी उपनिरीक्षक की वर्दी देखकर पुलिस को शक हुआ।

जांच में चालक की पहचान मेरठ निवासी विनय सिंह के रूप में हुई। पूछताछ में सामने आया कि वह नशे की हालत में वाहन चला रहा था और उसके साथ तीन अन्य लोग भी मौजूद थे।

युवक ने स्वीकार किया कि उसके पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक हैं और वह पुलिस वर्दी व पी-कैप का उपयोग टोल टैक्स, पार्किंग और अन्य स्थानों पर छूट लेने के लिए करता था। उसने अपनी गलती मानते हुए पुलिस से माफी भी मांगी।

हालांकि, गंभीर नियम उल्लंघन और शराब पीकर वाहन चलाने के कारण पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर वाहन को सीज कर दिया।

अभियान के दौरान पुलिस ने ब्लैक फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की और मौके पर ही फिल्म हटवाई। साथ ही सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के चालान किए गए और वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की सख्त हिदायत दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क किनारे अवैध पार्किंग न केवल यातायात बाधित करती है, बल्कि दुर्घटनाओं का कारण भी बनती है। इसलिए ऐसे मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।