भयानक हादसाः बारिश के बीच खाई में समाई इनोवा, 6 लोगों की जिंदगी खत्म

10
खबर शेयर करें -

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में चंबा–पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर तुनुहट्टी क्षेत्र के काकीरा घार के पास देर रात करीब 3 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक टैक्सी अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, धर्मशाला से डलहौजी की ओर जा रही इनोवा टैक्सी में गुजरात के पर्यटक सवार थे। सभी यात्री टैक्सी किराए पर लेकर घूमने निकले थे। बताया जा रहा है कि वाहन में करीब 10 लोग सवार थे, जो रास्ते में इस दर्दनाक हादसे का शिकार हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन को अलर्ट किया। इसके बाद पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। अंधेरे और लगातार बारिश के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जिससे बचाव कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों और शवों को खाई से बाहर निकाला गया।

घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर घायलों को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन मंडी जिले में पंजीकृत बताया जा रहा है।

हादसे के समय क्षेत्र में भारी बारिश हो रही थी, जिससे सड़क पर फिसलन बढ़ गई थी। आशंका जताई जा रही है कि खराब मौसम और सड़क की स्थिति इस दुर्घटना का प्रमुख कारण हो सकते हैं। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वास्तविक कारणों की जांच जारी है।

स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि यदि सड़क किनारे पैराफिट या सुरक्षा दीवार होती, तो शायद वाहन खाई में गिरने से बच सकता था। वहीं, कुछ लोगों ने यह भी आशंका जताई कि चालक को नींद की झपकी आने से वाहन पर नियंत्रण खो गया होगा।

हैरानी की बात यह रही कि हादसे के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल तक एंबुलेंस की जगह पिकअप वाहन में ले जाया गया, जिसे लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल भी उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया जारी है।