हल्द्वानी। शहर के गौला बाईपास रोड पर तेज रफ्तार का कहर लगातार जारी है। आए दिन हो रहे सड़क हादसों के बीच सोमवार सुबह इंदिरा नगर रेलवे फाटक के सामने एक दर्दनाक दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। शनि बाजार रोड की ओर बाइक मोड़ रहे युवक को सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर चोटों के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे बाइक संख्या UK 06 BK 0927 का चालक गौला बाईपास से शनि बाजार रोड की ओर मुड़ रहा था। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही स्कॉर्पियो ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर में युवक के पैर का पंजा तक शरीर से अलग हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के दुकानदारों व राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही बनभूलपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना का जायजा लिया। पुलिस ने बाइक सवार को मृत पाया। इसके बाद शव को एंबुलेंस के माध्यम से भिजवाया गया। तलाशी के दौरान मृतक के पास से नकदी और अन्य जरूरी सामान भी बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान प्रदीप हलदार पुत्र अनंत हलदार निवासी गोविंदनगर, शक्तिफार्म, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। साथ ही हादसे के कारणों और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।




Subscribe Our Channel











