उत्तराखंड में हैवानियत की हदें पार! 11 माह की बच्ची से दरिंदगी, आरोपी की तलाश में दबिश

8
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड की धर्मनगरी हरिद्वार में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। शहर कोतवाली क्षेत्र की एक बस्ती में 11 माह की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि बच्ची के पिता के साथ फैक्टरी में काम करने वाले एक व्यक्ति ने रविवार रात घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बच्ची के पिता फैक्टरी में काम करते हैं। आरोप है कि रविवार रात उनके साथ काम करने वाला एक व्यक्ति घर में घुस आया और मासूम को अपनी दरिंदगी का शिकार बनाया। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। इस बीच आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद बच्ची की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल महिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने मासूम की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। फिलहाल बच्ची का एम्स में उपचार चल रहा है।

उधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें तलाश में जुटी हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी घटना के बाद से फरार है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।