सीएम धामी ने नगला तराई में मां पूर्णागिरि मंदिर में की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा

6
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नगला तराई स्थित नवनिर्मित मां पूर्णागिरि मंदिर में आयोजित मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर मां पूर्णागिरि का आशीर्वाद लिया और प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

करीब 2 करोड़ 54 लाख रुपये की लागत से निर्मित मंदिर में मुख्यमंत्री ने मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की। इसके साथ ही उन्होंने मंदिर परिसर में नवनिर्मित धर्मशाला और हाईटेक शौचालय का भी लोकार्पण किया। मंदिर पहुंचने पर समिति के पदाधिकारियों, पुजारियों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक परंपराएं और आस्था के केंद्र हमारी सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं। ये धार्मिक स्थल समाज को सकारात्मक ऊर्जा देने के साथ ही आपसी एकता, भाईचारे और सद्भाव का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और संवर्धन राज्य सरकार की प्राथमिकता है।