उत्तराखंड के रुद्रपुर में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर निकाले गए एक जुलूस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। मामला ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के श्याम टॉकीज इलाके का बताया जा रहा है, जहां डीजे के साथ जुलूस निकाला गया। वायरल वीडियो में कुछ युवक कथित तौर पर तलवार और अन्य धारदार हथियार लहराते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में सड़क पर सबसे आगे डीजे चलता दिखाई दे रहा है और उसके पीछे कई युवक जुलूस की शक्ल में आगे बढ़ रहे हैं। इनमें कुछ युवकों के हाथों में धारदार हथियार नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि जुलूस करीब एक घंटे तक क्षेत्र में चलता रहा। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया।
वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी विभव सैनी ने टीम को तत्काल सक्रिय किया। इसके बाद क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया और संदिग्ध युवकों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही वायरल वीडियो के आधार पर अन्य युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि जुलूस निकालने की अनुमति ली गई थी या नहीं और जुलूस में हथियार लेकर चलने वाले युवक कौन थे। पुलिस वीडियो की जांच के साथ घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
पुलिस क्षेत्राधिकारी विभव सैनी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और वीडियो के आधार पर अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सुरक्षा के व्यापक इंतजामों के बीच सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराते युवकों का वीडियो सामने आने से पुलिस की सतर्कता पर सवाल खड़े हुए हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामला सामने आते ही टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता, उसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान और जुलूस की अनुमति समेत पूरे मामले की जांच कर रही है।



Subscribe Our Channel










