उत्तराखंड के हरिद्वार में अपने ही शादी समारोह में लाइसेंसी पिस्टल से खुलेआम फायरिंग कर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करना एक दूल्हे को भारी पड़ गया। शादी के दौरान फायरिंग कर रौब दिखाने वाले युवक के खिलाफ कनखल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला हरिद्वार जिले के कनखल थाना क्षेत्र का है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक वाटिका फार्म में आयोजित शादी समारोह के दौरान दूल्हा पिस्टल से फायरिंग करता दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद कनखल पुलिस ने इसका संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की।
जांच के दौरान फायरिंग करने वाले युवक की पहचान योगेश कुमार निवासी टांडा मेहतौली, सुल्तानपुर, थाना लक्सर के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, 26 जुलाई को लक्सर रोड स्थित एक वाटिका फार्म में योगेश कुमार की शादी की पार्टी आयोजित की गई थी। इसी दौरान उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से बिना अनुमति कई राउंड फायरिंग की।
कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच के बाद फायरिंग करने वाले युवक की पहचान योगेश कुमार के रूप में हुई। शादी समारोह में लाइसेंसी पिस्टल से बिना अनुमति फायरिंग किए जाने की पुष्टि होने के बाद उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 30 आयुध अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि शादी समारोह और सार्वजनिक आयोजनों में लाइसेंसी हथियार का इस तरह प्रदर्शन और फायरिंग नियमों का उल्लंघन है। वीडियो में युवक द्वारा आसमान की ओर फायरिंग करते हुए दिखाई देने के बावजूद इस तरह की लापरवाही से बड़ा हादसा हो सकता था।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर हथियारों के प्रदर्शन और फायरिंग के बढ़ते मामलों के बीच पुलिस की इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है।



Subscribe Our Channel










