उत्तराखंड में नाबालिग से दुष्कर्म मामले में लापरवाही बरतना थाना प्रभारी इंस्पेक्टर को महंगा पड़ गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही मामले में पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।
मामला हरिद्वार जिले के खानपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म से जुड़ा हुआ है। जानकारी के अनुसार, तीन दिन पहले क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना थाना प्रभारी को दी थी, लेकिन आरोप है कि शिकायत के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं की गई। इस लापरवाही के चलते आरोपी मौके से फरार हो गए।
मामले में गंभीर लापरवाही बरतने पर पुलिस प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दिगपाल सिंह कोहली को निलंबित कर दिया है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई देर रात की, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया और जांच तेज कर दी गई।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीआईयू टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई, जिसके बाद एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। वहीं, पूरे घटनाक्रम की जांच के दौरान थाना प्रभारी की भूमिका पर सवाल उठे, जिसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया।



Subscribe Our Channel











