हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से आठ देशी तमंचे और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी टीम 27 जून को एमवीआर गेट क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर टीम ने गलफार गेट की ओर जाने वाले रास्ते के पास एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके बैग से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद हुए।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और थाना चोरगलिया में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रियासत पुत्र रईस अहमद (30 वर्ष), निवासी ग्राम व पोस्ट नकुलिया, थाना सितारगंज, जिला ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। उसके पास से 2 देशी तमंचे (12 बोर) 6 कारतूस के साथ तथा 6 देशी तमंचे (315 बोर) 4 कारतूस के साथ बरामद किए गए।
पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और हथियारों की सप्लाई चैन की जांच में जुट गई है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक निधि शर्मा, उपनिरीक्षक मोहन सिंह सौन (प्रभारी एसओजी), हेड कांस्टेबल कुंदन सिंह कठायत, हेड कांस्टेबल त्रिलोक सिंह, कांस्टेबल भूपेंद्र ज्येष्ठा, कांस्टेबल भारत भूषण और कांस्टेबल शैलेंद्र सिंह शामिल रहे। एसएसपी नैनीताल ने टीम की सराहना करते हुए 2,500 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।



Subscribe Our Channel











