उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा, बोलेरो पर गिरा बोल्डर; एक की मौत, दो घायल

7
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के कोटद्वार-पौड़ी हाईवे पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बोलेरो वाहन पर पहाड़ी से विशाल बोल्डर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार करीब तीन बजे सतपुली-मल्ली मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान हुआ। गाजियाबाद नंबर की बोलेरो गुमखाल से सतपुली की ओर जा रही थी। इसी दौरान पहाड़ी से अचानक एक बड़ा बोल्डर वाहन पर आ गिरा, जिससे बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में चालक के साथ बैठे 45 वर्षीय श्रीकांत, निवासी केरल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चालक सरनजीत (61), निवासी दिल्ली तथा उदय, निवासी बंगाल गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों गाजियाबाद स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत बताए गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही सतपुली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष अनिल चौहान ने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। बोलेरो में फंसे एक घायल को निकालने के लिए कटर मशीन से वाहन को काटना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं घायलों का उपचार जारी है। पुलिस द्वारा मृतक एवं घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दी जा रही है।