उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात लूट की वारदात ने हिंसक रूप ले लिया, जब बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। इस घटना में एक बदमाश की मौत हो गई, जबकि थाना प्रभारी और पीड़ित व्यक्ति घायल हैं।
पुलिस के अनुसार, देर रात सूचना मिली कि कुछ अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति को लूटने के दौरान गोली मार दी। मौके पर पहुंची पुलिस को घायल व्यक्ति ने अपना नाम देवराज बताया। उसने बताया कि काले रंग की गुजरात नंबर की कार में आए बदमाशों ने उससे करीब दो लाख रुपये, मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज लूट लिए और गोली मारकर जंगल की ओर फरार हो गए।
घटना के बाद उत्तराखंड पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बदमाशों का पीछा किया। कुछ दूरी पर संदिग्ध कार दिखाई दी, लेकिन पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और वाहन छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे।
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली लगने से प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घायल बदमाश, पीड़ित देवराज और थाना प्रभारी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान बदमाश की मौत हो गई। पुलिस अब मृत बदमाश की पहचान करने में जुटी है।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रमेंद्र डोबाल (एसएसपी देहरादून) और प्रमोद कुमार (एसपी सिटी) मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पूरे जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और फरार बदमाश की तलाश जारी है।
बताया जा रहा है कि देवराज, जो एक ठेकेदार हैं, रात करीब 10:30 बजे काम खत्म कर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में तीन बदमाशों ने उन्हें रोककर लूटपाट की। विरोध करने पर बदमाशों ने उन पर गोली चला दी, जिसके बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई।



Subscribe Our Channel











