दिल दहला देने वाली घटनाः गला काटकर पत्नी की हत्या, पुलिस जांच में जुटी

11
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में नेपाल सीमा से सटे अस्कोट थाना क्षेत्र के घिघरानी गांव में एक बेहद दर्दनाक वारदात ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। यहां घरेलू विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से गला काटकर निर्मम हत्या कर दी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना अचानक उस समय सामने आई जब घर के भीतर से जोर-जोर से चीखने-चिल्लाने की आवाजें आने लगीं। आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। जैसे ही वे घर के अंदर दाखिल हुए, वहां का खौफनाक दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। महिला का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था और उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर अस्कोट थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था, जो धीरे-धीरे बढ़ता गया। इसी विवाद के दौरान आरोपी पति ने आपा खो दिया और धारदार हथियार से पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।