उत्तराखंड में फिर सड़क पर खून, हादसे ने दो परिवार उजाड़े

10
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, बेहेड़ेकी सैदाबाद गांव निवासी गौरव (22) पुत्र रोशन और रितिक (21) पुत्र माधव गुरुवार देर शाम झबरेड़ा कस्बे से बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। दोनों मजदूरी का काम करते थे।

बताया जा रहा है कि जैसे ही दोनों झबरेड़ा-इकबालपुर मार्ग पर साबतवाली गांव के गेट के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक ट्रक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जबकि ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर झबरेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर रुड़की सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया।

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।