उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल के लोहाघाट में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। धारचूला से टनकपुर जा रही टनकपुर डिपो की रोडवेज बस लोहाघाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मरोड़ाखान-रायकोट के पास अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
इस दर्दनाक हादसे में बस चालक बेनीराम भट्ट (निवासी बड़ोली, चंपावत) की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस में तकनीकी खराबी जैसे ब्रेक फेल या स्टीयरिंग फेल होने की आशंका जताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों और परिचालक किशन के मुताबिक, बस जैसे ही लोहाघाट क्षेत्र के एक मोड़ के पास पहुंची, चालक ने उसे नियंत्रित करने की कोशिश में पहाड़ी की तरफ टकरा दिया। इसी दौरान चालक का दरवाजा अचानक खुल गया और वह सीट से फिसलकर सड़क किनारे नाली में गिर पड़े। इसके बाद बस का पहिया उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अशोक कुमार और तहसीलदार मोहीउद्दीन मौके पर पहुंचे। जेसीबी मशीन की मदद से बस को हटाकर चालक का शव बाहर निकाला गया और आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
बस में सवार करीब 34 यात्री इस हादसे में सुरक्षित बच गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



Subscribe Our Channel











