उत्तराखंड में जन्मदिन की पार्टी में शामिल होकर पिता के साथ बाइक से घर लौट रही 11 वर्षीय बच्ची की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हरिद्वार जिले के भगवानपुर क्षेत्र के नन्हेड़ा अनंतपुर गांव के पास शनिवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बच्ची के पिता सहित दूसरी बाइक पर सवार एक व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी क्षेत्र स्थित तेजलहेड़ा गांव निवासी नितिन अपनी बेटी पीहू के साथ नन्हेड़ा अनंतपुर गांव में जन्मदिन समारोह में शामिल होने आए थे। देर रात कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से वापस घर जा रहे थे। इसी दौरान गांव के बाहर सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से तीनों घायलों को भगवानपुर के आरोग्य अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने पीहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, नितिन और दूसरी बाइक पर सवार व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।
पुलिस दूसरे घायल की पहचान करने के साथ ही दुर्घटना के कारणों का पता लगा रही है। उधर, हादसे में मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जन्मदिन समारोह से लौटते समय हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।




Subscribe Our Channel










