उत्तराखंड में आरटीओ कार्यालय के नाम पर वाहन स्वामियों से अवैध वसूली और फर्जी दस्तावेज तैयार करने के मामले का एसटीएफ ने खुलासा किया है। एसटीएफ कुमाऊं यूनिट और पंतनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी आरटीओ कार्यालय रुद्रपुर के पास अपनी निजी गाड़ियों में बैठकर अवैध रूप से वाहन संबंधी दस्तावेज तैयार कराने का काम कर रहे थे। उनके कब्जे से 75 आरसी और 7 ड्राइविंग लाइसेंस समेत बड़ी संख्या में दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि आरटीओ कार्यालय के आसपास कुछ लोग आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य वाहन संबंधी दस्तावेज बनवाने के नाम पर वाहन स्वामियों से सरकारी निर्धारित शुल्क से अधिक रकम वसूल रहे हैं। सूचना के आधार पर एसटीएफ और पंतनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने जिला सैनिक विश्राम गृह के गेट के पास दबिश दी। मौके पर दो अलग-अलग निजी वाहनों में संदिग्ध लोग लैपटॉप और अन्य उपकरणों की मदद से दस्तावेज तैयार कराने का काम करते मिले।
पुलिस ने एक वाहन से प्रवीण बाछाड़ निवासी चन्दीपुर विजयपुर, थाना दिनेशपुर और दूसरे वाहन से पंकज कांति सेन निवासी ट्रांजिट कैंप को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी आरटीओ कार्यालय से संबंधित काम कराने के नाम पर लोगों से संपर्क करते थे और वास्तविक सरकारी फीस की जानकारी छिपाकर उनसे अधिक रकम वसूलते थे। दोनों ने अपनी निजी गाड़ियों को ही अवैध कार्यालय बना रखा था।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपियों ने निजी लैब से कुछ डुप्लीकेट आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस तैयार कराकर वाहन स्वामियों को उपलब्ध कराए थे। एसटीएफ ने आरोपियों के कब्जे से 75 वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी), 7 ड्राइविंग लाइसेंस, 19 फॉर्म-30, आरसी के साथ आधार और पैन कार्ड की प्रतियां बरामद की हैं। इसके अलावा एक लैपटॉप, प्रिंटर, माउस, इंटरनेट डिवाइस और दो वाहन भी कब्जे में लिए गए हैं।
एसटीएफ अब बरामद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है। साथ ही इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों और अब तक की गई अवैध वसूली का पता लगाया जा रहा है। एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने आम लोगों से अपील की है कि आरटीओ सहित किसी भी सरकारी कार्यालय से संबंधित कार्य केवल अधिकृत माध्यमों से ही कराएं और अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज अनजान व्यक्तियों को न सौंपें।




Subscribe Our Channel










